ललितपुर

बसों पर रोक और जाम से भड़के व्यापारी

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तालबेहट नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था, मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण और बसों व आवश्यक वस्तुओं के वाहनों पर लगी पाबंदियों के विरोध में स्थानीय व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। नगर उद्योग व्यापार मंडल, सराफा समिति एवं अन्य व्यापारी संगठनों ने संयुक्त रूप से उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले प्रशासन के साथ हुई बैठक के बाद यात्री बसों के चालान शुरू कर दिए गए और आवश्यक वस्तुओं के वाहनों के नगर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई। इस निर्णय से झांसी-ललितपुर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मालवाहक वाहनों के न आने से दुकानों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में बसों में यात्रियों के साथ हो रही अभद्रता का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों का आरोप है कि बस यूनियन से जुड़े कुछ अराजक तत्व तालबेहट के यात्रियों के साथ दुव्र्यवहार और गुंडागर्दी कर रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने मांगों को उठाते हुये बताया कि यात्री बसों का पूर्व की भांति सुचारू संचालन बहाल किया जाए, खाद्य सामग्री व किराना के वाहनों को नगर में प्रवेश की अनुमति दी जाए, यात्रियों से अभद्रता करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो, मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाकर जाम की समस्या समाप्त की जाए। भारी वाहनों पर नो एंट्री नियम का सख्ती से पालन कराया जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान गजेन्द्र त्रिपाठी उर्फ सुनील बाबा, प्रमिलराज जैन, काली, आशीष त्रिपाठी, नरेन्द्र कुमार, लवकुश, राघवेन्द्र गुप्ता, राकेश चौरसिया, मनोज कुमार, रामपाल झां, सुभाषचंद्र, स्वदेश, मुकेश कुमार रजक, अनिल साहू, संदीप अवस्थी, कल्लू बिलगैंया, शरद कुमार, हुकुम प्रजापति, सिद्धार्थ त्रिपाठी, कुलदीप साहू, विनय साहू, चक्रेश कुमार के अलावा बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button