जालौन

गर्मी में गैस एजेंसियों पर राहत की मांग सुबह 7 बजे खुलें सेंटर, छाया-पेयजल हो अनिवार्य

 लंबी कतारों में तप रहे उपभोक्ता, समाजसेवियों ने डीएम से की जनहित में कार्रवाई की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच गैस एजेंसियों के समय परिवर्तन और उपभोक्ताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी प्रदुम्न दीक्षित एवं मोहम्मद अशफाक राईन सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मांग की है कि जनपद की समस्त गैस एजेंसियां प्रातः 7 बजे से खोली जाएं तथा उपभोक्ताओं के लिए छाया और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था अनिवार्य कराई जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों एवं अस्पतालों के समय में बदलाव कर उन्हें सुबह संचालित किया जा रहा है, लेकिन गैस एजेंसियां देर से खुलने के कारण आम नागरिकों विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को तेज धूप में लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे उत्पन्न हो रहे हैं। समाजसेवियों ने आरोप लगाया कि अधिकांश गैस एजेंसियों पर न तो बैठने छाया की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर एजेंसियों का समय तत्काल सुबह निर्धारित कराया जाए तथा सभी गैस एजेंसियों पर छाया, पेयजल और आवश्यक जनसुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाएं। जनहित से जुड़ी इस मांग को लेकर अब उपभोक्ताओं में भी समर्थन बढ़ता दिख रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button