बालाघाट
पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर भोपाल में आंदोलन एक मई को
साथियों के साथ आंदोलन में शामिल होंगे अध्यक्ष इंद्रजीत भोज

साथियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस 1 मई को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर तले राजधानी भोपाल में प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया जाएगा। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने सहित पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखना है।
जिलाध्यक्ष इंद्रजीत भोज ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से हजारों पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र भोपाल का न्यू मार्केट क्षेत्र रहेगा, जहां पत्रकार एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
उन्होंने बताया कि बालाघाट जिले से भी सभी तहसीलों और ब्लॉकों से बड़ी संख्या में पत्रकार साथी इस आंदोलन में भाग लेने के लिए भोपाल रवाना होंगे। इसके लिए जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और पत्रकारों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। ऐसे में यह आंदोलन पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
पत्रकारों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



