जालौन
चित्रकूट धाम के जगद्गुरु रामस्वरूपाचार्य जी ने ऐदलपुरा में किया प्रवचन
गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। जनपद जालौन के ग्राम ऐदलपुर में चल रहे पंच कुण्डीय विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के अवसर पर एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन का दृश्य देखने को मिला। इस पावन अवसर पर श्री श्री 1008 जगद्गुरु रामस्वरूपाचार्य जी महाराज (चित्रकूट धाम) ने कार्यक्रम में पहुंचकर श्रद्धालुओं को अपने ओजस्वी प्रवचनों से भावविभोर कर दिया। जगद्गुरु रामस्वरूपाचार्य जी ने अपने प्रवचन में राम कथा का विस्तृत वर्णन करते हुए धर्म,संस्कृति और सनातन परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान अत्यंत उच्च और पूजनीय है। गौ माता केवल एक पशु नहीं बल्कि भारतीय जीवन पद्धति का अभिन्न अंग है जिसका संरक्षण और संवर्धन हम सभी का कर्तव्य है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित किए जाने की मांग को जोरदार तरीके से रखा। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं,गौ सेवकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस मांग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों के प्रशासनिक मुख्यालयों में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपें। इसके साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि पूरे देश में “गौ दिवस” के रूप में एक निश्चित तिथि निर्धारित की जानी चाहिए ताकि उस दिन पूरे भारत में गौ माता के संरक्षण संवर्धन और सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ गौ सेवा के प्रति लोगों की जिम्मेदारी को भी मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा भाव से कथा का श्रवण किया और जगद्गुरु जी के विचारों का समर्थन किया। यज्ञ स्थल पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला जहां वातावरण पूरी तरह धार्मिक और आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ नजर आया। आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि यह महायज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा आगामी दिनों तक निरंतर जारी रहेगी जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

