बेतुल
बैतूल फौजी कप के तीन रोमांचक मुकाबलों में टीम डेविड 11 का जलवा, पुष्पा 11 ने दिखाया दम
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मेरा वतन वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित फौजी कप सीजन–2 के दसवें दिन मंगलवार 11 नवंबर को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में खेल प्रेमियों ने रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया। दिनभर चले तीनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
पहले मुकाबले में पुष्पा 11 और टीम डेविड 11 आमने-सामने हुईं, जिसमें टीम डेविड 11 ने शानदार जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच बने अथर्व बनकर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। पुरस्कार भवानी गावंडे की ओर से 1100 नगद राशि और चमचमाती ट्रॉफी के रूप में प्रदान किया गया।
दूसरे मुकाबले में आराध्या 11 और टीम डेविड 11 के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई, जिसमें एक बार फिर टीम डेविड 11 ने विजय हासिल की। शिवांशु यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और 12 गेंदों में 12 रन बनाए। पुरस्कार राजा रघुवंशी द्वारा 1100 नगद राशि और ट्रॉफी के रूप में दिया गया।
तीसरे मुकाबले में पुष्पा 11 और आराध्या 11 आमने-सामने हुए। इस मुकाबले में पुष्पा 11 ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच सोहेब रहे, जिन्होंने 21 गेंदों में 35 रन बनाए और गेंदबाजी में 2 विकेट लिए। पुरस्कार गोपाल रघुवंशी द्वारा 1100 नगद राशि और ट्रॉफी के रूप में दिया गया।
आयोजन में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर , पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आनन्द प्रजापति, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता अतीत पंवार, पार्षद पिंटू परिहार, रघुनाथ लोखण्डे, विजय जसूजा, सोमती धुर्वे, प्रांत गौ सेवा प्रमुख कृष्णकांत गावंडे, जयदीप रूनवाल, बबलू मालवीय, प्रकाश गार्वे, दुर्गेश भारती, श्री सतनाम उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल अनुशासन सिखाता है, देशभक्ति की भावना को भी प्रबल करता है। कार्यक्रम के सफल संचालन में अध्यक्ष हाकम रघुवंशी, उपाध्यक्ष विजय रघुवंशी, मनीष ठाकुर, टूर्नामेंट मैनेजर आलोक रघुवंशी एवं संयोजक फौजी अशोक रघुवंशी की भूमिका सराहनीय रही।



