खैरथल
उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन हेतु आवेदन आमंत्रित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा । सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सशक्त एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से खाद्य विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा जिले में नवसृजित एवं रिक्त उचित मूल्य दुकानों के आवंटन हेतु पात्र एवं इच्छुक व्यक्तियों, सहकारी समितियों, महिला स्वंय सहायता समूहों आदि से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रक्रिया विभाग के पत्रांक द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत की जा रही है। राजस्थान खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक पदार्थ (वितरण का विनियमन) आदेश, 1976 के खंड 3(1) के तहत नवीन प्राधिकार पत्र जारी किए जाएंगे।
जिले में कुल 15 उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए हैं, जिनमें से 11 अनारक्षित एवं 4 महिला हेतु आरक्षित हैं। इन दुकानों का विस्तृत विवरण इस प्रकार है — तहसील किशनगढ़बास में कुल 6 दुकानों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें मांचा (महिला आरक्षित), तहनोली, वार्ड संख्या 04 नगर पालिका किशनगढ़बास, बास कृपाल नगर, बम्बोरा एवं तरवाला (महिला आरक्षित) शामिल हैं। तहसील खैरथल में वार्ड संख्या 34, 44 एवं 45 के लिए 1 दुकान निर्धारित की गई है। तहसील कोटकासिम में 2 दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जो खानपुर डागरान एवं वार्ड संख्या 07 नगर पालिका कोटकासिम के लिए हैं। तहसील तिजारा में गेहलपुर के लिए 1 दुकान निर्धारित है। वहीं तहसील मुण्डावर में 5 दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए हैं, जिनमें ततारपुर (महिला आरक्षित), सोडावास, पदमाडा, शामदा एवं मैनपुर (महिला आरक्षित) शामिल हैं। इच्छुक आवेदक किसी भी कार्य दिवस को कार्यालय समय में जिला रसद कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र विहित प्रपत्र में भरकर, पात्रता संबंधी समस्त आवश्यक प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित प्रति एवं घोषणा पत्र सहित 25 जुलाई 2025 से 14 अगस्त 2025 तक किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय जिला रसद अधिकारी, खैरथल-तिजारा में जमा कराए जा सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट food.raj.nic.in पर भी अवलोकन किया जा सकता है।


