लिट्टीपाड़ा में प्रखण्ड स्तरीय किसान मेला सह– कृषि प्रदर्शनी का आयोजन
Organizing block level farmers fair cum agricultural exhibition in Littipada

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखण्ड कार्यालय परिसर में मंगलवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत आत्मा, पाकुड़ के सौजन्य से प्रखंड स्तरीय किसान मेला–सह–कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। किसान मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि यंत्रों एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना रहा। इस अवसर पर किसानों द्वारा उत्पादित फल, फूल, फसल एवं सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखने के लिए किसानों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार के किसान मेलों से किसानों को नई तकनीकों से अवगत होने और अपनी आय बढ़ाने का अवसर मिलता है। कृषि विज्ञान केंद्र, महेशपुर की उद्यान वैज्ञानिक डॉ. मेरी किरण कंडीर ने उन्नत बागवानी तकनीकों एवं फसल विविधीकरण पर विस्तृत जानकारी दी।
जिला उद्यान पदाधिकारी प्रशांजीत महतो ने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की, वहीं परियोजना उपनिदेशक, आत्मा चंद्र मौली ने आत्मा द्वारा संचालित योजनाओं पर प्रकाश डाला। मेले में 20 सूत्री अध्यक्ष प्रसाद हांसदा, विधायक प्रतिनिधि रंजन साहा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया, प्रखंड कृषि पदाधिकारी के. सी. दास, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी राकेश कुमार, अमित कुमार सुमन, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी पद्म किशोर महतो, बदलाव फाउंडेशन के संजय शर्मा, प्रवाह संस्था से निरंजन कुमार, श्रीतोमा पाल, मसलेउद्दीन अंसारी सहित कृषि, पशुपालन, सहकारिता एवं मत्स्य विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, एटीएम, बीटीएम, जनसेवक, कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

