शामली
इलाज के बहाने तंत्र क्रिया करने वाला तांत्रिक छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। पुलिस ने इलाज के नाम पर तंत्र क्रिया करने वाले एक तांत्रिक को महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया है।थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने 31 दिसंबर को थाने पर तहरीर देकर बताया था कि उसके पुत्र की तबीयत खराब चल रही थी। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि जनपद बागपत के मोहल्ला घोसियान निवासी यूसुफ पुत्र मुंशी तंत्र-मंत्र के माध्यम से इलाज करता है। पीड़िता अपने पुत्र को लेकर उसके पास इलाज के लिए गई थी।आरोप है कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र से इलाज करने का आश्वासन दिया और बाद में पीड़िता के घर पहुंचकर उसके पुत्र के इलाज के बहाने महिला के साथ छेड़छाड़ की। घटना से आहत पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को एलम चौकी प्रभारी विपिन मलिक ने पुलिस टीम के साथ आरोपी यूसुफ को एलम बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार जेल भेज दिया गया है।


