फर्जी क्राइम ब्रांच और पत्रकार बनकर महिला से एक्सटॉर्शन करने वाले गिरोह का भंडाफोड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। फर्जी क्राइम ब्रांच और पत्रकार बनकर भयभीत कर महिला के साथ ठगी करने वाले गिरोह के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना टीपी नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। फर्जी क्राइम ब्रांच का सदस्य बनने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफतार करते हुए पुलिस ने नकदी भी बरादम की है। गिरोह के करीब आधा दर्जन लोगों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 26.06.2025 को श्रीमती संगीता निवासी शिव हरि मंदिर कॉलोनी, थाना टीपी नगर, मेरठ के घर पर तीन पुरुष और तीन महिलाएं पहुंचे और स्वयं को क्राइम ब्रांच अधिकारी व पत्रकार बताते हुए जबरन घर में घुस गए। तलाशी के नाम पर पूरे घर की वीडियोग्राफी की गई और डस्टबिन में अपने साथ लाया गया अवैध सामान छिपाकर, महिला को फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर ₹2,00,000 की मांग की गई। वादिया द्वारा असमर्थता व्यक्त करने पर उन्होंने ₹30,000 नकद जबरन ले लिए और शेष धनराशि “अपने आदमी दिनेश को देने“ की धमकी देकर चले गए। उक्त संबंध में वादिया द्वारा उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसके आधार पर थाना टीपी नगर पर मु0अ0सं0 371/2025 धारा 308(5), 317(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसी मामले में आज थाना टीपी नगर पुलिस टीम द्वारा बागपत फ्लाईओवर के पास से दिनेश पुत्र चंद्रपाल निवासी मलियाना और सावित्री पत्नी नरेन्द्र निवासी भोला रोड़ मेरठ को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से संगीता के घर से जबरन लिए गए रुपये में से ₹3800/- नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। घटना में संलिप्त गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी हैं।


