गाजियाबाद
“नशे से दूरी, जीवन में खुशहाली” विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी/पूर्वी दिल्ली : ओमसुधा कुटुंबकम फाउंडेशन द्वारा गांधी नगर स्थित गुरु नानक गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में “नशीले पदार्थों को कहें ना” विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के सामूहिक जाप से हुई, जिसने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम में शांति रतन फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें नशे की लत से उत्पन्न पारिवारिक व सामाजिक समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों को जीवंत रूप से दर्शाया गया। इस नाटक ने उपस्थित छात्राओं और शिक्षकों को गहराई से प्रभावित किया।
विद्यालय की प्रिंसिपल, सुश्री भूपेन्द्र कौर ने अपने संबोधन में मोबाइल, सोशल मीडिया और फास्ट फूड की लत के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्त जीवन ही सच्चे अर्थों में स्वस्थ और सफल जीवन होता है।
इस अवसर पर ओमसुधा कुटुंबकम फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्षा, श्रीमती रेनू शर्मा के प्रयासों की सभी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहकर जीवन के सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देनी होगी।
यह कार्यशाला ओमसुधा कुटुंबकम फाउंडेशन और शांति रतन फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।



