ललितपुर

मेरा युवा भारत ललितपुर की पहल पर राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
ललितपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार से संबद्ध मेरा युवा भारत ललितपुर के तत्वावधान में, युवा मंडल मनगांव (ब्लॉक जखौरा) के सहयोग से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री कृष्णा इंटर कॉलेज मनगांव में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, वॉलीबॉल, गोला फेंक और दौड़ जैसे खेल शामिल किए गए। दौड़ प्रतियोगिता में अंशुल प्रथम, आनंद द्वितीय एवं अनुष तृतीय स्थान पर रहे। वहीं गोला फेंक प्रतियोगिता में कुणाल ने प्रथम, संस्कार ने द्वितीय तथा अंशुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सतगता ग्राम के प्रधान मनोहर सिंह यादव उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सूर्यकांत पटेरिया और आनंद पटेरिया ने भी मौजूद रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और सफल बना दिया।
मेरा युवा भारत ललितपुर का उद्देश्य गाँव-गाँव की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और उन्हें खेलों से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है। संगठन का मानना है कि ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, ज़रूरत केवल उन्हें प्रोत्साहन और अवसर देने की है।
राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन छात्रों में नई ऊर्जा का संचार करने वाला रहा और सभी ने इसे खेल भावना के साथ यादगार बनाया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button