परसुडीह ब्राउन शुगर मामले में पांच आरोपी को भेजा जेल
Five accused sent to jail in Parsudih brown sugar case
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जमशेदपुर। परसुडीह पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए परसुडीह में पांच तस्करों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 119 पुड़िया ब्राउन शुगर, सफेद कार और बैंक दस्तावेज़ बरामद किए गये हैं। मिली जानकारी के 9 सितंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि संत रोबर्ट स्कूल के पीछे मैदान में एक सफेद कार से ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त हो रही है। सूचना पर थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल बनाया गया और देर ना करते हुए घेराबंदी कर पांच आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया । गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद कुमार शर्मा उर्फ कैडी, हनी स्यांसी, मोहम्मद समीर, मोहम्मद सब्बीर हुसैन और मोहम्मद तौफिक आलम शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इनके पास से हुंडई कंपनी की सफेद कार, 12 चेकबुक, तीन पासबुक, एक क्रेडिट कार्ड, नौ क्यूआर कोड और चार मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों से लाखों रुपये का लेन-देन होने की बात भी सामने आई है। इस मामले में परसुडीह थाना कांड संख्या-121/25, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


