गोड्डा

भूमि अभिलेख अद्यतन करें, सरकारी योजनाओं के लिए जमीन हस्तांतरण जरूरी – अंचलाधिकारी पथरगामा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी नितेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्यों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीडीओ श्री गौतम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वंशावली एवं पारिवारिक संबंध प्रमाण पत्र में ग्राम प्रधान का हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से होना चाहिए। उन्होंने बताया कि बिना ग्राम प्रधान के सत्यापन के ऐसे दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
बैठक में 85 ग्राम प्रधानों में से केवल 58 के उपस्थित रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अनुपस्थित प्रधानों को भविष्य में बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की हिदायत दी।
श्री गौतम ने सभी ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि कबूलियत, पट्टा तथा अन्य आवश्यक भूमि संबंधी दस्तावेज शीघ्र कार्यालय में जमा करें। उन्होंने कहा कि आईटीआई कॉलेज, उप स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र तथा कोल्ड स्टोरेज जैसे जनहित के संस्थानों हेतु भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया सरकार को करनी है, जिसके लिए अभिलेखों का अद्यतन होना आवश्यक है।
उन्होंने बंदोबस्त की गई जमीन का पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि गलत तरीके से किए गए बंदोबस्त की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अमीन नारायण मंडल, ग्राम प्रधान मिथलेश कुमार, प्रमोद भगत, बिपुल भगत, सचिंद्रदेव तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button