अमरोहा
अमरोहा में तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए चलेगा मिशन 500 अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए नदियों व तालाबों को पुराने स्वरूप में वापस लाने के लिए डीएम ने मुहिम शुरू की है। तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए मिशन-100 की सफलता के बाद अब मिशन-500 की शुरुआत की गई है।इसके लिए तालाबों का चिह्नीकरण शुरू कर दिया है। डीएम के निर्देश पर 2300 तालाबों की सूची तैयार की गई है। फिलहाल 376 तालाबों पर जल्द ही मनरेगा के तहत काम शुरू किया जाएगा।पुराने समय में तालाब और नदियां जीवन का प्रमुख अंग हुआ करती थीं। लेकिन समय के साथ ही जैसे-जैसे विकास हुआ, नदियों व तालाबोंका दायरा सिमटता चला गया। इनकी जमीनों पर कहीं आवासीय भवन खड़े हो गए, तो कहीं खेती की जाने लगी। लेकिन इसका सीधा असर भू-जल स्तर पर दिखाई दिया। तालाबों व नदियाें के कम होने के साथ-साथ भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। पुरानी नदियों व तालाबों का अस्तित्व वापस लाने के लिए डीएम निधि गुप्ता वत्स ने मुहिम की शुरुआत की है। बगद नदी की खोदाई जहां करीब 70 फीसदी पूरा हो चुकी है, वहीं यगद नदी की खोदाई का काम भी शुरू कर दिया गया है।तालाबों को भी उनके पुराने स्वरूप में वापस लाने के लिए मिशन-100 की सफलता के बाद अब मिशन-500 की शुरुआत की जा रही है। डीएम के निर्देश के बाद 2300 तालाबों की सूची तैयार की गई है। जिसके लिए विकास विभाग को सर्वे का काम सौंपा गया है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद इन तालाबों के जीर्णोद्धार का काम शुरू कराया जाएगा।



