ललितपुर
एआई समिट विरोध प्रदर्शन
ललितपुर के रितिक शुक्ला सहित गिरफ्तार युवा नेताओं से राहुल गांधी ने की मुलाकात

दिल्ली के इंदिरा भवन में हुई बैठक, आंदोलन से जुड़े युवाओं को दिया मार्गदर्शन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। दिल्ली में 20 फरवरी को आयोजित एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के आरोप में ललितपुर निवासी रितिक शुक्ला उर्फ मोंटी शुक्ला जो युवा कांग्र्रेस के प्रदेश महासचिव हैं को दिल्ली पुलिस ने 21 फरवरी को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इस पूरे प्रकरण के बाद 22 अप्रैल 2026 को राहुल गांधी ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आंदोलन के बाद गिरफ्तार किए गए सभी युवा नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए उनके अनुभव सुने और आगे की रणनीति को लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं, पुलिस कार्रवाई और युवाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई। राहुल गांधी ने युवाओं के उत्साह और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें संयम और संगठनात्मक मजबूती के साथ आगे बढऩे की सलाह दी। गौरतलब है कि एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया गया था, जिसके चलते कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। ललितपुर के रितिक शुक्ला जो कि युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हैं की गिरफ्तारी भी इसी कड़ी में हुई थी, जिसे लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल देखी गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मुलाकात के जरिए कांग्रेस नेतृत्व युवाओं को संगठित कर आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देने का प्रयास कर रहा है।



