खैरथल

राज्य नगरीय विकास एवं स्वायत शासन विभाग मंत्री ने किशनगढ़ बास एवं भिवाड़ी में शहरी सेवा शिविर का किया अवलोकन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

खैरथल-तिजारा/किशनगढ़ बास/भिवाड़ी।  राज्य नगरीय विकास एवं स्वायत शासन विभाग मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने शनिवार को बास कृपालनगर, किशनगढ़बास एवं नगर परिषद भिवाड़ी में लगे शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया।
शिविर का अवलोकन करने के दौरान राज्य नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आमजन को आश्वस्त किया कि वे जन समस्याओं के समाधान के प्रति कृतसंकल्पित हैं और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण सेवा शिविर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को धरातल पर उतारने के प्रयासों का हिस्सा हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए राज्य स्वायत शासन विभाग मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 11 वर्षों से देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और राष्ट्र को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
समाज के सभी वर्ग—युवाओं, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों—को इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करना चाहिए।
स्वायत शासन मंत्री श्री खर्रा ने कहा कि मंत्रीमंडल की हालिया बैठक में एसडीआरएफ के तहत आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए बजट को 1,000 करोड़ से बढ़ाकर 1,600 करोड़ रुपये कर दिया गया है। अब सभी प्रस्तावों की जांच कर स्वीकृति दी जाएगी, ताकि दिवाली से पहले सफाई, रोशनी और मरम्मत से संबंधित सभी कार्य पूरे हो सकें।
स्वशासन विभाग मंत्री ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं सुशासन पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य  सरकार गरीबी उन्मूलन एवं रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है और लोगों को यह विश्वास हो चुका है कि राज्य सरकार उनके सपनों को साकार करने वाली सरकार है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, सहायता राशि एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किये।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि “जन-जन तक योजनाओं का लाभ और घर-घर तक विकास” पहुंचे। शहरी सेवा शिविर इस लक्ष्य की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रहे हैं।
शिविर में नगर निकाय के मुख्य कार्य जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीयन, स्ट्रीट लाईट, साफ-सफाई, नगरीय विकास कर, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, 69-ए श्रेणी के पट्टे, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य विभाग आयुर्वेद, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग, ऋण के लिए बैंकिंग सुविधा आदि के आवेदन प्राप्त कर त्वरित निस्तारण की कार्यवाही की गई।
स्वायत शासन विभाग मंत्री ने किशनगढ़ बास के संस्कृत विद्यालय बास कृपाल नगर एवं नगर परिषद भिवाड़ी में में आयोजित शहरी सेवा शिविर में विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से योजनाओं और उनकी क्रियान्विति के संबंध में सम्पूर्ण जानकारी ली। शिविर के दौरान उन्होंने 10 आवासीय पट्टो का वितरण किया। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 19 लाभार्थियों को स्वीकृत ऋण के चेक का वितरण एवं प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 25 लाभार्थियों को 50000 की पहली किश्त की जारी की गई।
राज्य नगर विकास मंत्री श्री खर्रा ने नगर परिषद भिवाड़ी में आयोजित कैंप में 5 आवासीय पट्टो का वितरण किया। साथ ही 5 नामांतरण, 7 फायर एनओसी, यूडीआईडी कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 14 लाभार्थियों को 50000 की पहली किश्त, प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत 11 लोगों को तृतीय एवं चतुर्थ किस्त का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया। इसी के साथ 10 नि-क्षय पोषण किट, एक स्कूटी एवं एक व्हीलचेयर का वितरण भी मंत्री श्री खरा द्वारा किया गया।
भिवाड़ी शिविर के दौरान तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी एवं बास कृपालनगर, किशनगढ़ बास शिविर के दौरान राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व विधायक किशनगढ़ बास रामहेत सिंह यादव, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला अध्यक्ष महा सिंह चौधरी, नगर पालिका सभापति तारामणि सिंघल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, डिप्टी पुलिस अधीक्षक किशनगढ़ बास राजेंद्र कुमार, उपखंड अधिकारी किशनगढ़ बास मनीष कुमार जाटव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका किशनगढ़ बास राहुल, सहित अन्य मौजूद रहे
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button