
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : स्वदेशी जागरण मंच, बागपत के तत्वावधान में बड़ौत नगर स्थित पंचमुखी मंदिर परिसर में एक भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सहभागिता रही, जहां स्वदेशी विचारधारा, सांस्कृतिक जागरूकता और संगठन की मजबूती को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन में लक्ष्मी नगर संयोजक राधेश्याम फौजी, जिला संयोजक रकम सिंह सोलंकी, जिला समन्वयक अजय निर्वाल, जिला कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, प्रशांत जैन, नीरज राणा, नगर संयोजक फोनू पंडित, महिला प्रकोष्ठ जिला समन्वयक मीनाक्षी सिसोदिया, नगर संयोजिका रीना, मुनेश चौधरी, राजीव चौधरी, पुनीत अग्रवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वदेशी अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे देश की आर्थिक और सामाजिक संरचना को मजबूती मिल सके।
सम्मेलन में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण दायित्वों की घोषणा भी की गई। पूर्व प्राचार्य दिगंबर जैन इंटर कॉलेज राम गोपाल वार्ष्णेय को संगठन का विधि सलाहकार मनोनीत किया गया। वहीं महिला प्रकोष्ठ को मजबूत करने की दिशा में मीनाक्षी सिसोदिया द्वारा मुनेश चौधरी को जिला सह समन्वयक प्रमुख, महिला प्रकोष्ठ के पद पर नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का विश्वास जताया।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। सम्मेलन का समापन राष्ट्रहित एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।


