बरेली

आई लव मोहम्मद के बैनर लेकर सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग

पुलिस की सूझबूझ ने टाला बबाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर के अलग-अलग इलाकों में आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर बैनर लेकर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे। इस दौरान खलील स्कूल के पास कुछ शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ की। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए लाठी पटकीं। साथ ही मौलाना तौकीर रजा को नजरबंद कर लिया गया है। डीआईजी रेंज बरेली अजय कुमार साहनी ने कहा कि नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। कुछ शरारती तत्व माहौल खराब करना चाहते थे, उन्हें खदेड़ दिया गया है।
एसपी क्राइम से हुई नोकझोंक
श्यामगंज में पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एसपी क्राइम से नोकझोंक भी हुई, लेकिन जुलूस के रूप से भीड़ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ती गई। स्थिति को देखते हुए श्यामगंज में पुलिस ने दुकानें भी बंद करा दी गईं। नौमहला मस्जिद के बाहर भी सैकड़ों लोग जुटे। लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं, खलील स्कूल के पास प्रदर्शनकारियों ने अचानक वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के लिए पुलिस ने लाठियां पटकीं तो भगदड़ मच गई।
कल शाम से ही शहर भर में बढ़ा दी गई थी चौकसी
इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के एलान के बाद से शहर में गहमागहमी का माहौल है। मौलाना ने आई लव मोहम्मद मामले में डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने की बात कही है। ज्ञापन में लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की। इसके मद्देनजर बृहस्पतिवार शाम से ही शहर में चौकसी बढ़ा दी गई थी।
पुलिस ने सुबह से ही इस्लामिया मैदान को छावनी में कर रखा तब्दील
शुक्रवार को सुबह से ही इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। श्यामगंज मंडी वाले रोड पर बैरिकेडिंग करने के साथ भारी फोर्स तैनात की गई। सैलानी इलाका बंद रहा। दोपहर होते-होते लोग घरों से निकलने लगे। जुमे की नमाज के बाद लोग जुलूस के रूप से नारेबाजी करते हुए सड़कों पर निकले। इस दौरान कुछ लोगों ने हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button