शामली
बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, चोरी पकड़ी, बकायदारों के कनेक्शन काटे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। विकासखंड क्षेत्र के गांव गंगेरू में गुरुवार को विद्युत विभाग एवं विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गांव के दर्जनों घरों में जांच की गई, जिसमें कई स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई, वहीं लंबे समय से विद्युत बिल बकायावाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई से गांव में हड़कंप की स्थिति बनी रही।विद्युत विभाग के अवर अभियंता किशोर गौतम तथा विजिलेंस टीम के प्रभारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। टीम ने गांव में घर-घर जाकर मीटरों की जांच की और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की गई। दोनों टीमों ने कई घरों में बिजली चोरी भी पकडीअभियान के दौरान विद्युत बिल जमा न करने वाले कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए, जबकि कुछ लोगों को शीघ्र बकाया बिल जमा करने की सख्त हिदायत दी गई। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें और अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अवर अभियंता किशोर गौतम ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह चेकिंग अभियान चलाया गया है। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि बिजली चोरी पर अंकुश लगाया जा सके और राजस्व की हानि को रोका जा सके। उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही बिजली छुट की भी जानकारी दी गई है।


