विकसित भारत @2047 विषय पर हुआ गोष्ठी का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। गुरुवार को नगर पंचायत सभागार में विकसित भारत @2047 विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष और सभी सभासद मौजूद रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू कसौधन ने अपने संबोधन में बताया कि विकसित भारत 2047 भारत सरकार की एक दीर्घकालिक राष्ट्रीय योजना है। इसका लक्ष्य वर्ष 2047 तक देश को एक पूर्ण विकसित आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाना है।
अध्यक्ष ने सभी नागरिकों से विकसित भारत संकल्प के लिए जारी क्यूआर कोड स्कैन कर अपना संकल्प दर्ज करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह आजादी के अमृत महोत्सव से अमृत काल की यात्रा को सफल बनाने में सहायक होगा।
इस पहल के मुख्य उद्देश्यों में आर्थिक सशक्तिकरण शामिल है। जिसका लक्ष्य भारत को विश्व की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओ में लाना है। साथ ही युवाओं के लिए कौशल विकास उद्यमिता और रोजगार के अवसर को बढ़ाना भी इसका प्रमुख हिस्सा है।
आधुनिक अवसंरचना के तहत सड़क, बिजली, जल, रेलवे, डिजिटल और शहरी विकास को विश्वस्तरीय बनाने पर जोर दिया गया है। स्वास्थ्य और शिक्षा सुधार के माध्यम से हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना भी एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है। पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और जलवायु परिवर्तन से निपटने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। समानता और समावेशिता सुनिश्चित करते हुए महिला, किसान, मजदूर, ग्रामीण और शहरी सभी का समान विकास करना भी इसका लक्ष्य है। इसके अलावा, एआई, रोबोटिक्स, अंतरिक्ष और साइबर तकनीक में भारत को विश्व अग्रणी बनाना भी इस योजना का हिस्सा है।



