बरेली
नारी शक्ति वंदन रैली में महिला शिक्षिकाओं ने स्कूटी से भरा हुंकार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार सुबह सड़कों पर महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला। महिला शक्ति और स्वावलंबन का संदेश देने के लिए शहर में एक भव्य नारी शक्ति रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिला शिक्षिकाओं व अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ सुबह साढ़े नौ बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम से हुआ। इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि नगर क्षेत्र के सभी परिषदीय विद्यालयों की शिक्षिकाओं को उनकी स्कूटी के साथ आमंत्रित किया गया था। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति का सम्मान और उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सेल्फी और फोटो के साथ हुआ समापन स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कैंट स्थित वीरांगना चौक पर जाकर संपन्न हुई। समापन स्थल पर शिक्षिकाओं और प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के अंत में वीरांगना चौक पर सेल्फी और फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही। रैली में शामिल महिलाएं नारी सशक्तिकरण के स्लोगन लिखी तख्तियां भी साथ मे लिए थी। जिसके माध्यम से समाज में संदेश दिया कि आज की नारी हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और जागरूक है।



