भरत पुर
आर्य महिला विद्यापीठ कन्या महाविद्यालय में गरबा नृत्य प्रतियोगिता आयोजित
छात्राओं ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, पारंपरिक गरबा नृत्य से मंत्रमुग्ध हुईं दर्शक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। आर्य महिला विद्यापीठ कन्या महाविद्यालय, भुसावर में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला के अंतर्गत गतिविधि संख्या-3 के रूप में गरबा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने पारंपरिक गरबा नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की मनमोहक छटा बिखेरी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. चित्रा शर्मा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री रमेश चंद अग्रवाल के पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
नवरात्रि भारतीय संस्कृति का प्रमुख पर्व है, जो मां दुर्गा की आराधना, शक्ति, भक्ति एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इसी सांस्कृतिक भावना को आगे बढ़ाने और भारतीय लोककलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गरबा नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने पारंपरिक नृत्य शैली और मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
प्रेरणा गर्ग और आस्था मित्तल रहीं निर्णायक
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में महाविद्यालय की रसायन विज्ञान प्रवक्ता सुश्री प्रेरणा गर्ग एवं अंग्रेजी प्रवक्ता सुश्री आस्था मित्तल शामिल रहीं। कार्यक्रम का कुशल संचालन सुश्री निकिता सिंह ने किया।
इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला। गरबा नृत्य प्रतियोगिता से महाविद्यालय का वातावरण उल्लास, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया।
महाविद्यालय में आयोजित इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी कलात्मक प्रतिभा को निखारने और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

