नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते मंगलवार की शाम लूट की बड़ी घटना का मामला प्रकाश में आया। सर्राफा व्यवसायी जयप्रकाश सोनी विशेश्वरगंज बाजार से दुकान बंद कर बाइक से बड़गांव अपने घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार छह बदमाशों ने बैग में भरा लाखों के आभूषण लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से सर्राफा व्यवसायी को घायल कर दिया। इलाज के बाद सर्राफा व्यवसायी थाने पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पुलिस सड़क पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है संग्रामपुर पुलिस के साथ एस ओ जी और सर्विलांस की टीम ने घटनास्थल के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज को चेक किया, तो दुकानदार बाइक से घर जाते हुए दिखाई पड़ा। उसके दो मिनट के बाद गांव का ही एक वृद्ध मोपेड से घर जाता हुआ दिखाई दिया।
वही संग्रामपुर थाना अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में मोपेड से जाते दिखे वृद्ध से पूछताछ में बताया कि रास्ते में जयप्रकाश उसे घटनास्थल पर खड़ा मिला था ,जहां पर लूट की घटना की बात कही। सीसीटीवी में लुटेरों की बाइक नहीं दिखी। घटना संदिग्ध लग रही है। घटना की जांच अभी की जा रही है।



