लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती, संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प
Ambedkar Jayanti celebrated with great pomp at Littipada Block Office, pledge to adopt constitutional values

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के तहत सामाजिक जागरूकता संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया गया, जिससे लोगों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना सुदृढ़ हुई। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर प्रेरणादायी प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। अपने संबोधन में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से शिक्षित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं समाजसेवी शिवचरण मालतो और साहेब हांसदा ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक समता और न्याय की स्थापना संभव है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाने की अपील की। इस अवसर पर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी-कर्मी, जनप्रतिनिधि, शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



