असम

असम के विश्वनाथ जिले में लाभान्वित होंगे 81,870 हितग्राही। 

विश्वनाथ जिले के 599 मतदान केंद्रों पर 'अरुणोदय 3.0' का शुभारंभ समारोह। 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

असम :  समूचे असम के साथ-साथ विश्वनाथ जिले के मतदान केंद्रों में मंगलवार को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘अरुणोदय 3.0’ का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। मंगलवार को विश्वनाथ जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 599 मतदान केंद्रों पर गुवाहाटी में आयोजित केंद्रीय शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। गौरतलब है कि विश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र के 218, बिहाली विधानसभा क्षेत्र के 176 और गहपुर विधानसभा क्षेत्र के 205 मतदान केंद्रों में आज हजारों हितग्राही और स्थानीय नागरिक एकत्रित होकर इस महत्वाकांक्षी योजना के शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण देख सके। यह उल्लेखनीय है कि ‘अरुणोदय 3.0’ केवल एक योजना नहीं है, बल्कि यह एक अधिक संतुलित, सर्वांगीण और मजबूत असम बनाने की दिशा में परिवार सशक्तिकरण का एक आंदोलन है। असम के इतिहास में ‘अरुणोदय 3.0’ योजना को महिला सशक्तिकरण का एक स्वर्णिम अध्याय कहा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व और राज्य सरकार की कल्याणकारी दृष्टि के फलस्वरूप आरंभ की गई इस ऐतिहासिक योजना का उद्देश्य राज्य के आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों को वित्तीय रूप से अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के माध्यम से राज्य के लगभग 38 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। योजना के अंतर्गत इन परिवारों को प्रतिमाह ₹1,250 की राशि प्रदान करने की व्यवस्था है। विश्वनाथ जिले में ‘अरुणोदय 3.0’ योजना से कुल 81,870 परिवार लाभान्वित होंगे। शोणितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद रंजीत दत्ता ने मंगलवार को जिले के 176 नंबर धर्मपुर माजरलाइन प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र में, विश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रमोद बरठाकुर एवं जिला आयुक्त सीमांत कुमार दास ने विश्वनाथ के 153 नंबर चारिआली कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (दक्षिण) मतदान केंद्र में, गहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उत्पल बरा ने कलाबारी गांव पंचायत कार्यालय में, बिहाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिगंत घटोवाल ने 28 नंबर मोनाबारी हाईस्कूल (पूर्व) मतदान केंद्र में, तथा विश्वनाथ जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिजा तालुकदार ने पावोई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं 189 नंबर चारिआली अकादमी (दक्षिण) मतदान केंद्र में आयोजित ‘अरुणोदय 3.0’ के शुभारंभ समारोह में भाग लिया।इस शुभारंभ समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि, खंड विकास अधिकारी, ‘अरुणोदय 3.0’ योजना के लाभार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। गौरतलब है कि जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र में गुवाहाटी स्थित पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के खेल मैदान, खानापारा में केंद्रीय रूप से आयोजित ‘अरुणोदय 3.0’ के शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button