गीदड़ को निगलते हुए अजगर का वीडियो सोशल मीडिया में हुआ वायरल।
वनकर्मियों और किसानों ने दो बड़े अजगर का किया रेस्क्यू।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हापुड़। जनपद के बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव होशियारपुरगढ़ी में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के जंगल में ग्रामीणों ने बुधवार को दो विशाल अजगरों को देखा। एक अजगर करीब 20 फीट लंबा तो दूसरा 15 फीट के आसपास था। दोनों अजगरों को देखकर लोगों के होश उड़ गए । उन्होंने तुरंत वन विभाग को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची जिसने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ कर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया ।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव होशियारपुर गढ़ी में ठेकेदार इंद्रपाल के खेतों में करीब 15 फीट लंबा अजगर घुस आया जिसका वजन लगभग 40 किलो के आसपास था। अजगर को देखकर किसान घबरा गया । इसी बीच संजीव के खेतों में भी 20 फीट लंबा एक विशाल अजगर देख लोगों में हड़कंप मच गया । 20 फीट लंबे अजगर ने पास घूम रहे एक गीदड़ को अपना निवाला बना लिया । जिसे निगलते हुए का वीडियो किसान ने बना लिया । इस अजगर का वजन लगभग 60 किलो के आसपास बताया जा रहा है । मामले की जानकारी मिलने पर वनकर्मी रवि कुमार मौके पर पहुंचे इसके बाद उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से दोनों अजगरों को पकड़ लिया और उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया ।




