हापुड़

भ्रष्टाचार के आरोप में  निलंबित लेखपाल ने खाया ज़हर।

जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है लेखपाल।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है।‌ यहां एक महीने पहले जिलाधिकारी द्वारा भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित किये गये लेखपाल सुभाष मीणा ने बुधवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। जिस पर उसे उपचार के लिए रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, यहां से चिकित्सकों ने उसे मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली के लिए रैफर किया है। जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय से लगभग एक माह पूर्व धौलाना तहसील के ग्राम डहाना के ग्रामीण ने शिकायत की थी कि धौलाना तहसील में तैनात लेखपाल सुभाष मीणा खसरा-खतौनी की नकल के लिए  जबरन अवैध वसूली कर रहे हैं । ग्रामीणों के इस आरोप पर जिलाधिकारी ने तत्काल लेखपाल को निलंबित करते हुए जांच के आदेश दिये थे। बताया जा रहा है कि निलंबन से आहत होकर लेखपाल सुभाष मीणा ने बुधवार की सुबह विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई,आनन-फानन में लेखपाल को उपचार के लिए पिलखुवा स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां भी जब लेखपाल की हालत में सुधार नहीं हुआ, तो चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए मैक्स हॉस्पिटल के लिए रैफर कर दिया। घटना को लेकर राजस्व कर्मचारियों में आक्रोश है।‌अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि एक निलंबित लेखपाल के द्वारा विषाक्त पदार्थ का सेवन किये जाने की सूचना मिली है। पूरे मामले की प्रशासनिक स्तर पर जांच कराई जा रही है।
मामले को लेकर जनपद की सभी तहसीलों के लेखपालों में रोष व्याप्त है। लेखपालों ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button