गोड्डा
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने मुंदर कोठी स्टेडियम एवं योगिनी मंदिर का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। डीसी लोकेश मिश्रा के द्वारा जिले में खेल एवं पर्यटन की आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुंदर कोठी स्टेडियम एवं योगिनी मंदिर, पथरगामा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने स्थल की भौतिक स्थिति, उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, जल निकासी, खेल मैदान सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक एवं उपयोगी खेल अधोसंरचना का विकास आवश्यक है। स्टेडियम से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी तथा क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्टेडियम निर्माण से जुड़े आवश्यक कार्यों की समयबद्ध रूप से तैयारी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता, उपयोगिता एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित करने की बात कही।
इसके उपरांत उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने योगिनी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की वर्तमान स्थिति, श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पहुंच मार्ग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, परिसर के सौंदर्यीकरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से मंदिर परिसर के विकास एवं आवश्यक कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर भी जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने कहा कि जिले के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के समुचित विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योगिनी मंदिर परिसर के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने, स्थल की आवश्यकताओं का आकलन करने तथा उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर में स्वच्छता एवं मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिले में खेल, पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए ऐसी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ जिले में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान संबंधित जिला खेल पदाधिकारी डॉ0 प्राण महतो एवं जिला खेल विभाग के कर्मीगण उपस्थित थे।



