गाजियाबाद

निजी स्कूलों पर रोक और सरकारी विद्यालयों को सुदृढ़ करने की उठी मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर समाजसेवा से जुड़े लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक गुलाब वाटिका कालोनी लोनी बोर्डर पर  सम्पन्न हुई। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र बंधु ने निजी स्कूलों पर रोक लगाकर सरकारी विद्यालयों को बढ़ावा देने की जोरदार मांग उठाई।
बैठक में अधिकांश वक्ताओं ने कहा कि निजी स्कूलों की बढ़ती संख्या ने शिक्षा को एक व्यवसाय का रूप दे दिया है, जिससे आम, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक निजी स्कूल संचालकों द्वारा लगातार नए संस्थान खोलकर शिक्षा को महंगा बनाया जा रहा है, जिससे अभिभावक मजबूरी में अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाने को विवश हैं।
वक्ताओं ने यह भी चिंता जताई कि दूसरी ओर सरकारी स्कूलों की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। कई विद्यालयों में भवनों की जर्जर अवस्था, मूलभूत सुविधाओं की कमी और घटते छात्र संख्या जैसे गंभीर मुद्दे सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षकों पर भारी खर्च किए जाने के बावजूद शिक्षा का स्तर अपेक्षित नहीं हो पा रहा है।
बैठक में राकेश कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार सुशील शर्मा, ऋषभ तोमर,सूरज शर्मा और पवन कुमार सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे। सभी ने नेपाल के प्रधानमंत्री के हालिया रुख से प्रेरणा लेते हुए भारत में भी इस पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
वक्ताओं ने सुझाव दिया कि या तो निजी स्कूलों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए, अथवा सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि सभी वर्गों के बच्चों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
अंत में उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि सभी बच्चों को एक समान शिक्षा व्यवस्था के तहत पढ़ने का अवसर मिलेगा, तो समाज में समानता, आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द मजबूत होगा, जो देश के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button