गोड्डा
मछिया सिमरडा पंचायत में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह पीडीजे रमेश कुमार व डालसा सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर मछिया सिमरडा पंचायत क्षेत्र में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। डालसा की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकार मित्र इंतेखाब आलम ने मुख्य तौर पर बाल विवाह पर पूरी तरह से रोकथाम करने को लेकर ग्रामीण महिलाओं को जागरूक किया। इसके अलावा पलायन, दहेज प्रथा, नशापान, डायन बिसाही, घरेलू हिंसा को रोकने को लेकर जागरूक किया गया। महिलाओं को कानूनी व सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी कड़ी में ठाकुरगंटी प्रखंड के मिश्र गंगटी में शिविर आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि सामूहिक पहल से ही बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण संभव है। बाल विवाह के खात्मा को लेकर अपने बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल जरुर भेजें। 21 वर्ष से कम उम्र के लडकों व 18 से कम उम्र में लड़कियों की शादी कदापि नहीं होने दें। पढ़ने की उम्र में बालक-बालिकाओं की शादी रचाना कानूनन अपराध है। स्थानीय स्तर पर बच्चों की पढ़ाई के लिए पठन-पाठन की बेहतर व्यवस्था है। विद्यालयों में मध्याह्न भोजन, पोशाक व छात्रवृति की भी व्यवस्था है। वहीं, किसी प्रकार की समस्या होने पर विधिक सहायता की भी व्यवस्था है। इसके तहत महिला, समाज के अभिवंचित आदि को मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान है। बताया कि समाज में महिलाएं बाल विवाह को रोकने के लिए गोपनीय तौर पर स्थानीय मुखिया, वार्ड, पंचायत प्रतिनिधि, बीडीओ, सीओ एंव वरीय पदाधिकारी को जानकारी दे सकते हैं। अधिकारी की ओर से त्वरित संज्ञान लिया जाता है। वही, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी मौजूद रहते हैं, उनके माध्यम से भी सूचना देकर बाल विवाह पर पूरी तरह रोकथाम किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उषा देवी फूल कुमारी देवी, नीलम देवी, फुलेश्वरी देवी, ममता देवी, पुष्प लता कुमारी, भवानी देवी, पूजा देवी, पुतलिया देवी, अंजली आदि उपस्थित थे।



