गोड्डा
डीएवी पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्रों को बीडीओ एवं चिकित्सा प्रभारी ने किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम एवं प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ. मोहन पासवान ने छात्रों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक संतोष कुमार महतो ने अतिथियों का अंगवस्त्र और डायरी देकर स्वागत करते हुए की। निदेशक ने बताया कि नर्सरी से लेकर कक्षा दसवीं तक के छात्रों को अर्धवार्षिक परीक्षा में प्रथम से पांचवीं रैंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ता है। बीडीओ नितेश कुमार गौतम ने विद्यालय के अनुशासन और शिक्षा स्तर की सराहना करते हुए कहा कि दूरदराज क्षेत्र में बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति यह दर्शाती है कि विद्यालय उच्चस्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी। प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ. मोहन पासवान ने अपने बचपन के संघर्षों को याद करते हुए छात्रों को मन लगाकर पढ़ाई करने और तंदुरुस्त रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किताब और कलम को अपना सच्चा मित्र बनाएं, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने उन छात्रों को भी प्रोत्साहित किया जिन्हें इस बार मेडल नहीं मिला और कहा कि निराश होने की आवश्यकता नहीं, मेहनत बढ़ाएं—अगली बार वे स्वयं उन्हें सम्मानित करेंगे।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और तालियों कि गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
छात्रों के चेहरे पर सम्मान पाकर खुशी झलक रही थी। कार्यक्रम में बीडीओ ने मणिपुर से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित सभी शिक्षकों का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि दूरदराज से आकर बच्चों को शिक्षा देना सराहनीय कार्य है। उन्होंने बेहतर शिक्षण व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रिंसिपल एन. जॉपका जॉय, वाइस प्रिंसिपल वीरेंद्र कुमार एवं सभी शिक्षकों की सराहना की।



