
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सिंगरौली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे ने लापरवाही के एक गंभीर मामले में कड़ा कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत गेरूई की पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया है, जबकि ग्राम रोजगार सहायक को संविदा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है।
मामला 16 दिसंबर का है, जब उत्तरप्रदेश से लौटते समय झरकटा घाट पर हुए सड़क हादसे में ग्राम पंचायत गेरूई के ग्राम बगडेवा निवासी चार श्रमिक दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। इस हादसे में तीन श्रमिकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल है।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त चार श्रमिकों में से दो श्रमिकों के ‘सम्बल योजना’ के पंजीयन कार्ड नहीं बनाए गए थे। यह जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव पिंकी सिंह की थी। पंजीयन न होने के कारण मृत श्रमिकों के परिजन दुर्घटना सहायता राशि से वंचित रह गए।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला पंचायत CEO जगदीश कुमार गोमे ने तत्काल प्रभाव से पंचायत सचिव पिंकी सिंह को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय जनपद पंचायत चितरंगी नियत किया है। साथ ही, इसी प्रकरण में ग्राम रोजगार सहायक सुमंत कोरी को संविदा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है।
जिला पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रमिक कल्याण योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



