
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिले के सभी थानों में बुधवार को जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए थे। इसी क्रम में अंकुर बिहार थाना क्षेत्र में आज जनसंवाद एवं शिष्टाचार बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, स्थानीय समाजसेवियों, व्यापारी वर्ग एवं कॉलोनियों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएँ भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
बैठक में शामिल लोगों ने बताया कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त की कमी के कारण कई बार असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है। कुछ कॉलोनियों में सड़क ,लाइटों के खराब होने से रात के समय आवागमन में परेशानी होती है, जिसका सीधा असर सुरक्षा पर पड़ता है। लोगों ने मांग की कि रात के समय नियमित पुलिस गश्त, चौराहों पर पेट्रोलिंग वाहन की तैनाती और संवेदनशील इलाकों में चौकीदारों की निगरानी बढ़ाई जाए।
व्यापारी वर्ग ने मांग की कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में जेबतराशी और चोरी की घटनाओं की आशंका रहती है। इस कारण उन्होंने अनुरोध किया कि बाजार क्षेत्रों में पुलिस पिकेट की संख्या बढ़ाई जाए और CCTV कैमरों की निगरानी को प्रभावी बनाया जाए।
कुछ नागरिकों ने शिकायत की कि छोटी शिकायतों या झगड़ों के मामलों में पुलिस की प्रतिक्रिया देर से होती है, जिससे विवाद बढ़ जाते हैं। इस पर थाना प्रभारी योगेन्द्र पंवार ने आश्वासन दिया कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया जाएगा और कार्यवाही में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना प्रभारी योगेन्द्र पंवार ने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद और सहयोग ही कानून व्यवस्था को मजबूत बना सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अंत में बैठक का समापन आपसी सहयोग, सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ किया गया। बैठक में शामिल अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पुलिस टीम जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी और जनता से नियमित संवाद बनाए रखेगी।




