अवैध संबंध बना कत्ल की वजह: प्रयागराज में युवक का गला रेतकर मर्डर, शव कुएं में फेंका
तीन दिन से लापता युवक का शव खीरी थाना क्षेत्र में मिला, महिला–पति–बेटा हिरासत में, पूछताछ में जुर्म कबूल

प्रयागराज। जनपद में एक सुनियोजित और निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर पंचायत कोरांव निवासी 28 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव को साक्ष्य मिटाने के इरादे से कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस जांच में हत्या की वजह अवैध संबंध सामने आई है।
तीन दिन से था लापता
मृतक की पहचान सुशील कुमार उर्फ मुंडे, निवासी वार्ड नंबर आठ, शहीद नगर मुहल्ला, कोरांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुशील 19 दिसंबर को पड़ोस के एक युवक की जमानत कराने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। एक दिन बीत जाने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसके भाई सतीश कुमार ने कोरांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
कुएं से मिला शव, हत्या की पुष्टि
मंगलवार दोपहर खीरी थाना क्षेत्र के चांद खंभरिया (कटरा मौजा) स्थित एक कुएं से शव मिलने की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई। उसके गले पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह हत्या का मामला है।
जांच में खुला अवैध संबंध का राज
मामले की जांच के दौरान एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि सुशील का क्षेत्र की एक महिला से अवैध संबंध था। कुछ दिन पहले महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद उनके बीच विवाद हुआ।
गुस्से में रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, गुस्से में आकर महिला के पति ने धारदार हथियार से सुशील का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला ने शव ठिकाने लगाने के लिए अपने बेटे को बुलाया। तीनों ने मिलकर शव को कुएं में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।
तीनों आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने महिला, उसके पति और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में जुर्म कबूल किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में कोहराम
मृतक सुशील कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और एक बच्चे का पिता था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है।


