अमरोहा
डिजिटल रजिस्ट्री के विरोध में बार काउंसिल अध्यक्ष से मिला हसनपुर का प्रतिनिधिमंडल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हसनपुर / अमरोहा : उत्तर प्रदेश सरकार की डिजिटल रजिस्ट्री योजना के विरोध में वकीलों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को तहसील बार एसोसिएशन हसनपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ से मुलाकात की।प्रतिनिधिमंडल ने बार काउंसिल अध्यक्ष को प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा और हसनपुर व अमरोहा जनपद में चल रही वकीलों की हड़ताल की वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इस दौरान वकीलों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में महानिरीक्षक स्टांप एवं निबंधन द्वारा जारी पत्रांक 2523 और डिजिटल रजिस्ट्री योजना को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की पुरजोर मांग की गई है।बार काउंसिल के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ ने वकीलों की चिंताओं को बेहद गंभीरता से सुना।
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वे जल्द ही स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल और मुख्यमंत्री से सीधी वार्ता करेंगे।इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह, महासचिव ब्रजकिशोर सिंह, पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी व महिपाल सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल में सुरेश चंद सैनी, वीर सिंह त्यागी, मंगल सेन शर्मा, रवि शंकर शर्मा, अजीत सिंह और वीरेंद्र कुमार एडवोकेट सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित थे।



