गाजियाबाद
बरेली हिंसा पर कार्यवाही : लोनी विधायक ने तौकीर रजा की गिरफ्तारी को बताया बड़ी साजिश नाकाम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी । बरेली में हाल ही में भड़की हिंसा के बाद मौलाना तौकीर रजा की गिरफ्तारी को लेकर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन ने समय रहते उन्माद फैलाने की साजिश को नाकाम किया, अन्यथा पूरे प्रदेश में दंगों की आग भड़क सकती थी।
विधायक ने आरोप लगाया कि हिंसा की घटनाओं के पीछे आईएसआई और कट्टरपंथी देशों की भूमिका होने की संभावना है। विधायक ने कहा कि तौकीर रजा स्वयं कोई हैसियत नहीं रखते, बल्कि उनके पीछे देशविरोधी ताकतों का हाथ और संरक्षण है।
गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनसे हुई क्षति की भरपाई उनकी संपत्ति से कराई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दंगा फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्यवाही होगी कि उनकी “सात पुश्तें याद रखेंगी।”
उन्होंने बरेली पुलिस प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर कार्यवाही कर एक बड़ी साजिश को रोका गया। विधायक ने जनता से अपील की कि प्रदेश में अमन-शांति बनाए रखने में सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।



