
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर में रसगुल्ले के रेट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोमवार रात 8 बजे कनेटा रोड पर इलेक्ट्रीशियन नौशाद की दुकान पर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हमला कर दिया।
घटना की शुरुआत तब हुई जब नौशाद का भाई दिलशाद पास की एक मिठाई की दुकान से रसगुल्ले खरीदने गया। वहां रेट को लेकर दुकानदार से उसकी बहस हो गई। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया।
कुछ देर बाद लाठी-डंडों से लैस लोग नौशाद की दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने दुकान में घुसकर नौशाद के साथ मारपीट की और तोड़फोड़ की कोशिश की। पड़ोसियों की मदद से हमलावरों को वहां से भगाया गया।
किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे लोग दुकान में घुसकर व्यापारी की पिटाई कर रहे हैं।
कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा के अनुसार, पुलिस ने एक आरोपी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने मामले में तहरीर प्राप्त कर ली है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



