गाजियाबाद
लोनी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यो का उद्घाटन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो l
लोनी गाजियाबाद ; लोनी विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को और तेज़ करने के उद्देश्य से 11 जनवरी को विभिन्न गाँवों में विकास कार्यों के उद्घाटन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:45 बजे सकलपुर गाँव से होगी, जहाँ विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा। इसके पश्चात खरखड़ी गाँव में विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं दोपहर में गढ़ी कट्टैया में श्मशान घाट एवं सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।
इन सभी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद अतुल गर्ग एवं लोनी विधायक माननीय नन्द किशोर गुर्जर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के गाज़ियाबाद जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल करेंगे
भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लोनी विधानसभा में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और यह कार्यक्रम उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण भाग है।
कार्यक्रम को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में उत्साह व खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क, श्मशान घाट सहित अन्य विकास कार्यों के पूर्ण होने से गाँवों की मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।



