पाकुड़

नव निर्मित 50 बेड वाले अस्पताल भवन का लोकार्पण, 37 योजनाओं का शिलान्यास सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाकुड़िया में भव्य उद्घाटन समारोह

Inauguration of newly constructed 50 bed hospital building, foundation stone laying of 37 schemes, grand inauguration ceremony at Community Health Centre Pakuria

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया में परिवार कल्याण विभाग तथा झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में नवनिर्मित 50 बेड वाले प्री-फैब्रिकेटेड फील्ड अस्पताल भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक महेशपुर प्रो. स्टीफन मरांडी, उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष जुली खिष्टमुणि हेंब्रम, उप विकास आयुक्त तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर भवन का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर पाकुड़िया चौक में निर्मित नये सेल्फी पॉइंट का उद्घाटन तथा डीएमएफटी मद से 15.32 करोड़ रुपये की लागत की 37 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि “अस्पतालों का निर्माण महत्वपूर्ण, पर उनका सुचारू संचालन सबसे बड़ी जिम्मेदारी” उपायुक्त मनीष कुमार* ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसी भी अस्पताल का निर्माण एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है, पर उससे भी बड़ी जिम्मेदारी उसका सुदृढ़ संचालन, सुव्यवस्थित सेवा- प्रवाह, और जनसहभागिता है। उन्होंने बताया कि डीएमएफटी के माध्यम से चिकित्सकों की नियुक्ति पूरी कर ली गई है। सभी प्रखंडों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। लैब तकनीशियन एवं अन्य तकनीकी कार्मिकों की नियुक्ति शीघ्र प्रारंभ होगी। युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के आधार पर अस्पतालों में अवसर दिए जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि मरीजों को प्रदान की जाने वाली सेवा, व्यवहार एवं देखभाल ही यह तय करेगी कि जनता का विश्वास स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति कितना मजबूत होता है। उन्होंने बताया कि आज ₹15 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास किया गया है तथा शिक्षा, सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन सहित कई परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने पुनः कहा कि जिले को एक-एक कर कालाजार,फाइलेरिया एवं टीबी मुक्त बनाने की दिशा में अंतिम चरण की कार्ययोजना लागू की गई है। सेवा का अधिकार सप्ताह के दौरान प्रमाण पत्र निर्गमन की गति और बढ़ाई गई है तथा सभी प्रखंडों में लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिले में स्थापित “दूध पार्लर” बच्चों, नवजातों और गर्भवती महिलाओं को शुद्ध दूध उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि समन्वय और टीम भावना से ही जिले का सर्वांगीण विकास संभव है। विधायक महेशपुर प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा “यह अस्पताल पूरे क्षेत्र के स्वास्थ्य सुरक्षा का आधारस्तंभ बनेगा” विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी ने कार्यक्रम में कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन महेशपुर और पाकुड़िया क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। पीढ़ियों से स्थानीय जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की प्रतीक्षा कर रही थी, जो आज पूर्ण हो रही है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल केवल भवन नहीं, बल्कि लाखों लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच के रूप में विकसित होगा। पहले स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीजों को बार-बार रेफ़र करना पड़ता था। यह स्थिति अब बदलेगी। सरकार ने ग्रामीण स्वास्थ्य अवसंरचना को प्राथमिकता दी है; डॉक्टरों, लैब टेक्नीशियन एवं कर्मियों की नियुक्ति से सेवा-प्रवाह और बेहतर होगा। पुरानी जर्जर संरचनाओं को दुरुस्त करने हेतु भी त्वरित कार्रवाई जारी है। माननीय विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था केवल इमारत से नहीं, बल्कि समर्पित सेवा, मानवीय व्यवहार, स्वच्छता, समय पर जांच व दवा उपलब्धता से मजबूत होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों व चिकित्सा कर्मियों से जिम्मेदारी एवं सेवा-भाव से कार्य करने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया अस्पताल महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक उत्कृष्ट स्वास्थ्य केंद्र सिद्ध होगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती जूली खिष्टमुणि हेंब्रम,उप विकास आयुक्त श्री महेश कुमार संथालिया, जिला अध्यक्ष जेमेएमएम श्री अजीजुल इस्लाम, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री सोमनाथ बनर्जी, झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य पिंकी उपासना मरांडी, वरिष्ठ नेता हरिवंश चौबे, बीस सूत्री अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, प्रमुख कालिदास मरांडी, मुखिया अनीता सोरेन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button