मथुरा

जमीन खाली कराने गई राजस्व टीम के सामने जला किसान, गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र के खुशीपुरा में पुलिस बल के साथ खांडसारी सहकारी समिति की जमीन खाली कराने गई राजस्व टीम के सामने किसान संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गया। अधिकारियों ने आग को बुझाया और झुलसे वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उन्हें गंभीर हालात में एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर डीएम-एसएसपी भी जिला अस्पताल पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने कानूनगो और लेखपाल को निलंबित कर दिया है। साथ ही एडीएम को मामले की जांच सौंपी है। अधिकारियों के मुताबिक, खुशीपुरा गांव में खांडसारी सहकारी समिति की जमीन है। मूलरूप से मेरठ के रहने वाले 80 वर्षीय बुजुर्ग सत्यभान का परिवार इस जमीन पर झोपड़ी डालकर रह रहा है। बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार अनमोल गर्ग, कानूनगो राजेंद्र और लेखपाल कपिल पुलिस बल के साथ जमीन खाली कराने के लिए गांव पहुंचे। राजस्व टीम ने जैसे ही जमीन से कब्जा हटाने का प्रयास किया तो सत्यभान के परिवार वाले विरोध करने लगे। देखते ही देखते गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच सत्यभान संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गए। आग की लपटें देखकर मौजूद राजस्व टीम में अफरातफरी मच गई। परिजन व अधिकारियों ने कपड़ा और मिट्टी डालकर किसी तरह आग को बुझाया। आग बुझाने के दौरान वृद्ध की पुत्रवधू ललितेश भी झुलस गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चंद्रप्रकाश सिंह, डीएम ने कहा, खांडसारी सहकारी समिति की जमीन खाली कराने राजस्व टीम गई थी। इस दौरान वृद्ध संदिग्ध परिस्थितियों में आग की लपटों में झुलस गए। मामले में लेखपाल और कानूनगो को निलंबित कर दिया गया है। एडीएम एफआर को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नायब तहसीलदार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button