बरेली
बीएमएस ने विश्वकर्मा जयंती को राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के रूप में मनाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। भारतीय मजदूर संघ ने सीतापुर नेत्र चिकित्सालय में विश्वकर्मा जयंती को राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के रूप में मनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला एवं महानगर प्रभारी राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल ने कहा कि राष्ट्र का औद्योगिकरण हो, उद्योगों का श्रमीकरण हो और श्रमिकों का राष्ट्रीयकरण हो, इस सिद्धांत को लेकर भारतीय मजदूर संघ 1955 से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन के रूप में बीएमएस भारत माता की जय का उद्घोष करने वाला संगठन है, जिसके आज देशभर में लगभग ढाई करोड़ सदस्य हैं।
वरिष्ठ नेता जगदीश शर्मा ने कहा कि संगठन का नारा ‘राष्ट्र के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम’ है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आर. पी. सिंह ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को लेकर बीएमएस सदैव आंदोलनरत रहा है।
जिलाध्यक्ष गिरीश पांडे ने कहा कि बीएमएस राष्ट्रहित में सोचने वाला संगठन है। महानगर अध्यक्ष मनोज सिंह ने राष्ट्र को सर्वोपरि बताते हुए कार्य करने का आह्वान किया, वहीं जिला महामंत्री नरेश सिंह ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर देशभर के उद्योगों में श्रमिक दिवस मनाया जा रहा है ताकि अच्छी कार्य संस्कृति विकसित हो।
कार्यक्रम में नरेंद्र सक्सेना, रविंद्र कुमार, संतोष कश्यप, राजेश कुमार, प्रवीण शुक्ला, प्रदीप गंगवार, दशरथ यादव, प्रदीप कुमार शर्मा, देवेंद्र गंगवार आदि ने भी विचार रखे। अध्यक्षता गिरीश पांडे ने की और संचालन नरेश सिंह ने किया।




