बेतुल
बैतूल विद्यार्थियों ने समझा भारतीय संविधान का महत्व
विधि महाविद्यालय में हुआ प्रेरक संविधान दिवस कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शासकीय विधि महाविद्यालय बैतूल में 26 नवम्बर 2025 को संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल के संयुक्त तत्वावधान में एक गरिमामय और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, आदर्शों और नागरिक दायित्वों को गहराई से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने संविधान की मूल भावना को जीवन में अपनाने और विधि के क्षेत्र में संवेदनशीलता व उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सहायता अधिकारी बैतूल सोमनाथ राय उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में निरमा यूनिवर्सिटी अहमदाबाद की पूर्व छात्रा सुश्री रजिका थपलियाल ने छात्रों को संविधान के व्यावहारिक महत्व पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। दोनों अतिथियों ने संविधान की सर्वोच्चता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने भविष्य के विधिक करियर में न्याय और संवेदनशीलता को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सहायक प्राध्यापक अजय सिरसाम द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाकर की गई, जिससे छात्रों में संविधान के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रभावी वातावरण बना। एलएल.बी. प्रथम वर्ष के छात्र पारस भोपते ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभालते हुए कार्यक्रम को संयमित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. हर्षवर्धन यादव ने अपने उद्बोधन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को संविधान की आत्मा से जोड़ते हैं और विधिक क्षेत्र में उनके आत्मविश्वास को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति की सराहना करते हुए कहा कि संविधान की समझ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का मार्ग प्रशस्त करती है। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. वीणा चिरोंजे, ग्रंथालयाध्यक्ष डॉ. रजनी मर्सकोले, स्पोर्ट्स ऑफिसर रूपेश जितपुरे, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राए उपस्थित रहे।



