बरेली
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 125-बरेली कैंट के सहायक/अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक
कार्य में गति लाने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा के संबंध में 125-बरेली कैंट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सभी सहायक/अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवंटित बूथों में से जिन पर ए०एस०डी०, नो मैपिंग एवं फार्म-6 कम संख्या में प्राप्त हुए हैं उसकी समीक्षा की गयी और जहां कम फार्म प्राप्त हुए थे वहां के बीएलओ, सुपरवाईजर को मोटिवेट करते हुए कार्य में तेजी लाने तथा नव युवाओं के फार्म -6 भराने के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गाड़ी आदि पर लाउडस्पीकर लगवाकर प्रचार-प्रसार कराएं तथा बूथ पर बैनर आदि लगवाया जाए, जिससे आम लोगों को जानकारी हो और वे बूथ पर आकर अपने वोट बनवाएं।
बैठक में निर्देश दिए गए कि ऐसे निरक्षर लोग जो फार्म नहीं भर पा रहे हैं उनको सहायता प्रदान की जाए तथा उप जिलाधिकारी सदर को लेखपाल व अमीनों को भी इस कार्य में लगाया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, तहसीलदार सदर, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।




