बागपत
जनता दल यू के नेताओं का बागपत में जमावड़ा
क्रेन से माल्यार्पण, ड्रोन से पुष्पवर्षा—तैयारियाँ पूरी : प्रिंस जैन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेताओं के प्रथम बार धर्मनगरी बड़ौत आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल है। मोकामा विधायक छोटे सरकार अनंत सिंह एवं जनता दल यू के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद शेर-ए-पूर्वांचल धनंजय सिंह के स्वागत को लेकर बागपत में जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है।
प्रिंस जैन, विधायक प्रतिनिधि बिहार एवं प्रदेश महासचिव उत्तर प्रदेश जदयू ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों वरिष्ठ नेताओं के स्वागत के लिए भव्य और ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। स्वागत कार्यक्रम के अंतर्गत क्रेन के माध्यम से माल्यार्पण तथा ड्रोन द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी। यह आयोजन बड़ौत के राजनीतिक इतिहास में एक यादगार क्षण होगा।
उन्होंने बताया कि धर्मनगरी बड़ौत में अनंत सिंह एवं धनंजय सिंह का जोरदार स्वागत जदयू के समस्त कार्यकर्ताओं, उनके सहयोगियों तथा बड़ौत क्षेत्र की महिला समूहों द्वारा किया जाएगा। स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में विशेष रूप से मिक्की जैन, बड़ौत द्वारा आरती कर दोनों नेताओं का अभिनंदन किया जाएगा। इसके पश्चात मंच से उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार भी व्यक्त किया जाएगा।
इस अवसर पर मिक्की जैन ने कहा,
“माननीय अनंत सिंह जी एवं धनंजय सिंह जी का धर्मनगरी बड़ौत में प्रथम आगमन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। उनके स्वागत की तैयारियाँ पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई हैं। क्रेन से माल्यार्पण और ड्रोन द्वारा पुष्पवर्षा के माध्यम से उनका अभिनंदन संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की शक्ति को दर्शाता है। मैं सभी महिला समूहों, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम ऐतिहासिक बनने जा रहा है।”
कार्यक्रम में विशेष रूप से राहुल जैन, मोनू जैन, गौरव सिंह, सोनू गुप्ता, सन्नी राजपूत, आशीष सिंह, वैभव राठी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहेंगे।
जदयू के वरिष्ठ नेताओं के आगमन की सूचना से पूरे बड़ौत क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।



