गोड्डा
वार्षिक माध्यमिक एंव इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, धर्मुडीह, पांडुबथान में झारखण्ड अधिविद्य परिषद्, राँची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय) सैद्धान्तिक परीक्षा 2026 के सफल, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास बीएनएसएस 163 के प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन कराया जाए। प्रश्न पत्रों के सुरक्षित भंडारण, वितरण एवं उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन की समुचित व्यवस्था की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं विद्युत विभाग को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। उन्होंने परिवहन, विधि-व्यवस्था, बिजली आपूर्ति एवं संचार व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान कदाचार में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को संबोधित करते हुए परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी तथा परीक्षा अवधि में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए एवं किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा कदाचार की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता जताई गई।
बैठक में अपर समाहर्ता सहित शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन, संबंधित केंद्र अधीक्षक, दंडाधिकारी, स्वास्थ्य, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



