नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में दहेज की मांग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झांसी निवासी शिकायतकर्ता श्याम कुमार (एडवोकेट) ने कोतवाली ललितपुर में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री की शादी जून 2023 में नेहरू नगर, ललितपुर निवासी अच्युत पुत्र लक्ष्मीकांत के साथ हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा और आए दिन पुत्री के साथ मारपीट व मानसिक उत्पीडऩ करता था। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी शराब पीने का आदी है और विरोध करने पर पत्नी का वेतन भी छीन लेता था। 1 फरवरी 2026 की रात आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता किसी तरह पड़ोसी के घर पहुंचकर अपनी जान बचा सकी और परिजनों को सूचना दी। पीडि़ता के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के माता-पिता भी उसे प्रताडि़त करने में सहयोग करते हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने अच्युत, उसके पिता लक्ष्मीकांत और मां राजरानी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सीमा प्रजापति को सौंपी गई है।



