गाजियाबाद
गौमाता की सुरक्षा को लेकर गौरक्षा दल ने लोनी उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगरपालिका क्षेत्र व दिल्ली–सहारनपुर रोड व अन्य स्थानों पर बने अधिकांश नाले खुले होने के कारण प्रतिदिन कई गौमाताएँ उनमें गिरकर हादसों की शिकार हो रही हैं। दिन में चार से पाँच गायों के नालों में गिरकर घायल होने और उपचार के बावजूद भी कुछ घायल गौमाताओं के मृत्यु तक पहुँच जाने की घटनाएँ गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं।
इसी समस्या को देखते हुए गौमाता की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर गौरक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष व भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रवि धामा अपनी टीम के साथ उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल से मिले और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र के अधिकतर बड़े नाले बिना ढक्कन के खुले पड़े हैं, जिसके कारण दुर्घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी से सभी संबंधित विभागों—चाहे नगरपालिका हो या पीडब्ल्यूडी—को तुरंत नालों को ढक कर कवर कराने के निर्देश जारी करने की मांग की।
रवि धामा ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो गौरक्षा दल के सभी सदस्य मिलकर उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।
उपजिलाधिकारी दीपक सिंघनवाल ने गौ रक्षकों को आश्वासन दिया कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे ताकि कोई भी नाला ऐसी स्थिति में न रहे जिसमें गौमाता के घायल होने की संभावना रहे।



