
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गर्मी के मौसम में महगामा अनुमंडल क्षेत्र में अगलगी की घटना होती है ज्यादा
महगामा। हनवारा थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में बुधवार देर शाम एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। गढ़ी गांव निवासी बाबूलाल मालाकार के घर में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। आग इतनी तेज़ी से फैली कि घर में रखा कपड़ा,अनाज, बर्तन,जरूरी कागजात समेत अधिकांश घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। अचानक आग लगने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं-बच्चे चीख-पुकार करने लगे।शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी, पाइप तथा मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर का बड़ा हिस्सा जल चुका था और परिवार की सालभर की मेहनत का अनाज तथा रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुएं नष्ट हो चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घर का कच्चा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हुआ।घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत मद से त्वरित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया और लोगों से घरों में बिजली के तारों व कनेक्शन की समय-समय पर जांच कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।



