गाय बांधने को लेकर पारिवारिक विवाद, चौकीदार व पत्नी से मारपीट का आरोप
कांधला : थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में गाय बांधने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित चौकीदार ने अपने भाई और भतीजे पर उसके तथा उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
गांव गंगेरू निवासी चौकीदार नदीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बच्चों के लिए गाय खरीदकर घर लाया था। आरोप है कि गाय को घर में बांधने के दौरान उसके भाई और भतीजे ने विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट कर जमीन पर पटक दिया।
शोर सुनकर उसकी पत्नी शबनम बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की की गई, जिससे वह भी घायल हो गई। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

