बोकारो

पुलिस-पब्लिक मैत्री को मजबूत करेगा फुटबॉल टूर्नामेंट

बेरमो एसडीपीओ ने लिया तैयारियों का जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो ।

बोकारो। नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट कंजकिरो पंचायत स्थित पिलपिलो तारकेश्वर महतो फुटबॉल मैदान में 11 से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय पुलिस-पब्लिक मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस प्रतियोगिता का आयोजन बोकारो पुलिस एवं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

मंगलवार को बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मैदान की साफ-सफाई, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल सुविधा, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आयोजकों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

एसडीपीओ श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सौहार्द को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन बोकारो डीआईजी एवं बेरमो एसडीओ द्वारा किया जाएगा। वहीं 13 फरवरी को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवा खिलाड़ी शामिल हैं। इससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने तथा खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबले के दिन ग्रामीण लड़कियों के बीच एक विशेष प्रदर्शनी मैच का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे बेटियों को भी खेल के प्रति प्रोत्साहन मिले।

आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के लिए जर्सी, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी एवं पुरस्कार दिया जाएगा । प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान बोकारो एसपी सर्जेंट शिव कुमार, पेंक नारायणपुर थाना प्रभारी नीतिश कुमार, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पिंकू कुमार, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति, सुबोध मंडल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button